New Delhi: सुपरस्टार सलमान खान का चार्म ऐसा है कि वो पर्दे पर आएं तो लाइमलाइट अपने आप उनकी तरफ खिंची चली आती है। फैंस उनके स्टाइल के इस कदर दीवाने हैं कि उनकी औसत फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों का बिजनेस कर लेती हैं। अपने 35 साल के लंबे करियर में सलमान ने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है और कई खतरनाक स्टंट्स खुद अंजाम दिए हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में सलमान ने 90 के दशक के उन दो किस्सों को याद किया, जब स्टंट करते हुए उनकी जान सचमुच आफत में आ गई थी।
1. 80 फीट ऊंचा पहाड़, गहरी खाई और सलमान का ‘ईगो’
सलमान खान ने अपनी फिल्म ‘जागृति’ (1992) की शूटिंग का एक बेहद डरावना किस्सा साझा किया। यह शूटिंग उडुपी में एक 80 फीट ऊंची पहाड़ी पर हो रही थी, जिसके नीचे गहरी खाई थी। स्टंट के लिए नीचे सुरक्षा के तौर पर गद्दों और बॉक्स की तीन लेयर लगाई गई थीं।
सलमान ने बताया, “जब मैं चोटी पर पहुंचा, तो ऊंचाई के कारण मुझे नीचे रखे वो सेफ्टी बॉक्स दिखाई ही नहीं दे रहे थे। खाई इतनी गहरी थी कि मुझे सिर्फ अपने अंदाजे से कूदना था। मैं वो स्टंट मना कर देता, लेकिन तब तक वहां हजारों की भीड़ जुट चुकी थी। अब इतने लोगों के सामने ऊपर जाकर वापस नीचे आना मेरे ईगो (अहम) को गंवारा नहीं था। मैंने कूदने का फैसला कर लिया।”
2. मौत को छूकर निकले भाईजान: पैर फिसला और…
फैसले के बाद जो हुआ, उसने सेट पर मौजूद हर शख्स की सांसें अटका दी थीं। सलमान ने आगे बताया, “शॉट ओके हुआ, मैंने अपने मेकअप मैन का हाथ पकड़ा और जंप लगाने के लिए जैसे ही आगे दौड़ा, मेरा पैर फिसल गया। मेरा सिर पहाड़ की चोटी से टकराते-टकराते बचा और मैं सीधे नीचे जा गिरा।” गनीमत रही कि सलमान सही जगह पर लैंड हुए और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
3. ‘पत्थर के फूल’ का वो स्टंट, जब 90 सेकेंड के लिए थम गई थीं सांसें
सिर्फ ‘जागृति’ ही नहीं, सलमान ने अपनी एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पत्थर के फूल’ (1991) का भी जिक्र किया। इस फिल्म के एक सीन के लिए उन्हें मुंबई की सड़क पर स्केटिंग करनी थी। स्टंट के दौरान अचानक सलमान का बैलेंस बिगड़ गया और वह सुरक्षा के लिए रखे गद्दे पर इतनी जोरदार स्पीड से गिरे कि उनकी छाती पर गहरा शॉक लगा। सलमान के मुताबिक, उस हादसे के बाद करीब 90 सेकेंड (डेढ़ मिनट) तक उनकी सांसें पूरी तरह थम गई थीं और सेट पर सन्नाटा पसर गया था।