राधिका यादव के पिता को रिमांड पर भेजा गया, पुलिस ने ऑनर किलिंग के से किया इनकार, जानें अबतक क्या हुआ? - Post2Pillar

राधिका यादव के पिता को रिमांड पर भेजा गया, पुलिस ने ऑनर किलिंग के से किया इनकार, जानें अबतक क्या हुआ?

हाई प्रोफाइल राधिका यादव मामले में आज नया मोड़ आया। 25 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के आरोप में उसके पिता दीपक यादव को एक दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। 49 वर्षीय दीपक को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में दीपक ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आरोपी को शुक्रवार को शहर की अदालत में पेश किया गया। सेक्टर 56 पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने संवाददाताओं को बताया, “हमें एक दिन की रिमांड दी गई है।

सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच

जांच के दौरान, कई रिपोर्टों में दावा किया गया कि पिता-पुत्री की जोड़ी के बीच उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके द्वारा अभिनीत एक संगीत वीडियो को लेकर बहस हुई थी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि उसकी मौत के सोशल मीडिया पहलू के संबंध में कुछ भी “ठोस” नहीं मिला है। राधिका के पिता दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का हथियार, एक लाइसेंसी पिस्तौल, मौके से जब्त कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ करने पर, उसने स्वीकार किया कि वह अपनी बेटी द्वारा टेनिस अकादमी चलाने से परेशान था। उसने कहा कि वह आर्थिक रूप से संपन्न है, इसलिए उसकी बेटी को अकादमी चलाने की ज़रूरत नहीं है। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर बहस होती थी।

पिता ने बेटी को मारी 3 गोलियां

आरोपी पिता ने कबूल किया है कि उसने अपनी बेटी को पीठ में 3 गोलियां मारी, जब वह रसोई में खाना बना रही थी। अलग फ्लोर पर रहने वाले दीपक के भाई और राधिका के चाचा आवाज सुनकर आए तो उन्होंने देखा कि राधिका फर्श पर पड़ी है और रिवाल्वर साथ वाले ड्राइंग रूम में पड़ी हुई है। उसके चाचा उसे हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खिलाड़ी बोले सोचा नहीं था ऐसा कुछ होगा

राधिका यादव घर के पास ही सेक्टर 57 में एक एकेडमी में लड़के-लड़कियों को टेनिस सिखाती थीं। डेढ़ महीने पहले शुरू की गई अकेडमी में करीब 50 खिलाड़ी सीखने आने लगे थे। इस घटना के बाद गुरुवार शाम कुछ खिलाड़ी उनके घर के पास भी पहुंचे। उन्होंने कहा यह सब उन्हें हैरान करने वाला है। वह अभी कुछ दिन पहले से ही उनसे टेनिस सीख रहे थे। राधिका का व्यवहार भी काफी अच्छा था। वह बहुत तन्मयता से उन्हें टेनिस की प्रैक्टिस करातीं थी।

उन्होंने कभी घर में हो रहे झगड़े का जिक्र भी वहां किसी के साथ नहीं किया। उनके अंदर यह भी चिंता दिखी कि अब उन्हें टेनिस की प्रैक्टिस कौन कराएगा उनके बैच में करीब 20 बच्चे टेनिस सीखने आते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *