देवघर । देश के प्रथम नागरिक माननीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करने देवघर पहुंचे। वे वायुसेना के विमान से दोपहर करीब 1:05 बजे कुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर मंत्री बादल पत्रलेख ने उनका स्वागत किया। उनके साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद रहीं।
इसके पश्चात महामहिम ने बाबा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना बाबा बैद्यनाथ से की। जहां षोड्शोपचार विधि के द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना पुरोहितों द्वारा कराई गई। पूजा के उपरांत महामहिम को उपायुक्त नैंसी सहाय ने मंदिर श्राईन बोर्ड की तरफ से अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह समर्पित कर अभिनंदन किया गया।
बाबाधाम आने वाले तीसरे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद देवघर आने वाले तीसरे राष्ट्रपति हैं। इससे पहले देश के पहले राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद तथा दो बार बतौर राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर चुके है।
चाक-चौबंद सुरक्षा-व्यवस्था
महामहिम के आगमन को लेकर पूरे शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा-व्यवस्था की गई थी। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं की गई थी। यातायात को सुगम बनाने तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में रूट डायवर्जन भी किये गए थे। कई स्थानों पर ड्रॉप गेट तथा बेरियर भी लगाया गया था। इसके साथ हीं पहुंच पथ पर स्लाइडिंग बेरियर भी लगाया गया था। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस व मंदिर तक ऊंचे भवनों पर सुरक्षा बल के जवान तैनात किये गए थे, ताकि असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। जगह-जगह पर सुरक्षा बल के जवान को तैनात किये गए थे। परिंदा भी पर नहीं मार सके, इसे ध्यान में रखते हुए सफेद पोषाक में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। जगह-जगह पर दण्डाधिकारी को भी तैनात किया गया था।
#presedentVisitDeoghar
