मुंबई, 3 जुलाई, 2026: ऑलकॉर्गो लॉजिस्टिक्स लिमिटेड से अलग होकर बनी स्वतंत्र कंपनी ऑलकॉर्गो ग्लोबल लिमिटेड (AGL) (NSE: AGL) (BSE: 544602) के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर AGL टिकर सिंबल के साथ सफलतापूर्वक लिस्ट हो चुके हैं. इस महत्वपूर्ण लिस्टिंग के साथ ऑलकॉर्गो समूह की डिमर्जर और पुनर्गठन की वह प्रक्रिया पूरी हुई है, जिसकी शुरुआत चार साल पहले अधिक स्पष्ट कॉरपोरेट ढांचा तैयार करने और परिचालन पर बेहतर फोकस के उद्देश्य से की गई थी.
ऑलकॉर्गो ग्लोबल की लिस्टिंग के साथ अब ऑलकॉर्गो समूह की रणनीतिक रूप से केंद्रित चार सूचीबद्ध कंपनियां हो गई हैं. ऑलकॉर्गो ग्लोबल के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला का कारोबार आया है. ऑलकॉर्गो लॉजिस्टिक्स लिमिटेड घरेलू आपूर्ति श्रृंखला में लॉजिस्टिक्स पर केंद्रित है. ऑलकॉर्गो टर्मिनल्स लिमिटेड कंटेनर फ्रेट स्टेशन और इनलैंड कंटेनर डिपो का संचालन करती है. ट्रांसइंडिया रियल एस्टेट लिमिटेड रियल एस्टेट और लॉजिस्टिक्स इंफ्रा एसेट्स डेवलप करती है. इस रणनीतिक पुनर्गठन से टिकाऊ वृद्धि और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने में सक्षम अलग-अलग कंपनियां बनाने की समूह की प्रतिबद्धता का पता चलता है. ऑलकॉर्गो ग्लोबल लिमिटेड ने आज से समूह की तीन अन्य कंपनियों के साथ सूचीबद्ध इकाई के रूप में कारोबार शुरू कर दिया है.
ऑलकॉर्गो समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन शशि किरण शेट्टी ने इस अवसर पर कहा, ‘‘चार दशक पहले हमने एक ही विजन के साथ इस यात्रा की शुरुआत की थी- भारतीय व्यापार को दुनिया से जोड़ना. आज वह विजन चार स्वतंत्र और प्रौद्योगिकी से संचालित कंपनियों के रूप में साकार हुआ है, जहां सभी कंपनियां अपने विकास की दिशा स्वयं तय करने और अपना मूल्य सृजित करने के लिए स्वतंत्र हैं. वैश्विक व्यापार के परिदृश्य में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच ऑलकॉर्गो ग्लोबल एलसीएल वैश्विक कंसोलिडेशन, एफसीएल, एयर फ्रेट और डोर-टू-डोर सेवाओं में अपनी बढ़त को और मजबूत कर रही है. इसके साथ ही यह भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था, विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में बढ़ती भूमिका को भी आगे बढ़ा रही है.’’
ऑलकॉर्गो ग्लोबल के प्रबंध निदेशक आदर्श हेगड़े ने कहा, ‘‘यह लिस्टिंग हमारे अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला कारोबार के लिए एक नए और उत्साहजनक चरण की शुरुआत का संकेत है. एलसीएल कंसोलिडेशन में मजबूत वैश्विक उपस्थिति और बाजार में अग्रणी स्थिति के साथ हमारा फोकस टिकाऊ वृद्धि को आगे बढ़ाने और प्रौद्योगिकी आधारित एकीकृत लॉजिस्टिक्स सेवाएं तथा वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला समाधान उपलब्ध कराने पर है. यह रणनीतिक स्वतंत्रता हमें वृद्धि के नए अवसरों का लाभ उठाने तथा दुनिया भर में ग्राहकों, साझेदारों और शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने में अधिक लचीलापन प्रदान करती है.’’
नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) द्वारा मंजूर स्कीम ऑफ अरेंजमेंट के तहत ऑलकॉर्गो लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के प्रत्येक एक इक्विटी शेयर के बदले शेयरधारकों को ऑलकॉर्गो ग्लोबल लिमिटेड का एक इक्विटी शेयर आवंटित किया गया है. इस प्रकार शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में शेयर प्राप्त हुए हैं.
ऑलकॉर्गो ग्लोबल लिमिटेड आज सफलतापूर्वक लिस्टिंग के साथ अपनी वृद्धि की यात्रा को और तेज करने तथा अपनी प्रौद्योगिकी आधारित अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बेहतर स्थिति में पहुंच गई है.
