
‘पंचायत’ सीजन-4 रिलीज हो चुकी है। दर्शकों को यह सीरीज भी खूब पसंद आ रही है। इस बीच बीच शो के मेकर्स और राइटर चंदन कुमार ने एक ब्रेकिंग खबर दी है। उन्होंने बताया कि ‘पंचायत’ सीजन-4 आने के साथ 5 की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है। जल्द ही इसकी शूटिंग भी शुरू होगी। चंदन कुमार ने कहा, ‘जितने ज्यादा सीजन हम करते हैं फैंस की उम्मीदें और बढ़ती जाती हैं।’ क्रिएटिव अंदाज में कहानी सुनाने और दर्शकों के उत्साह को बनाए रखने को लेकर चंदन ने कहा, ‘ये बहुत चैलेंज की बात है।
‘पंचायत’ सीजन-4 में जबरदस्त राजनीति
‘पंचायत’ के सीजन 4 में राजनीति देखने को मिली है, लेकिन शो में गांव की जिंदगी और रस को पहले जैसा रखा गया है। दिलचस्प बात ये है कि जब सीजन 3 को देखकर दर्शकों ने इसपर बात करना शुरू किया था तब तक मेकर्स ने शो के सीजन 4 की आधी शूटिंग खत्म कर ली थी। चंदन ने कहा, ‘जो हमने उम्मीद की थी लोगों का फीडबैक भी वैसा ही था. उसी वक्त की तरह अब सीजन 4 रिलीज हुआ है और हमारे पास सीजन 5 के लिए डायरेक्शन और स्क्रिप्ट तैयार है। हम जनता के प्यार को फॉर ग्रांटेड नहीं लेते।
5th सीजन में आएंगे कई धमाकेदार ट्विस्ट?
पंचायत के पांचवें सीजन में दर्शकों को कई ट्विस्ट एंड टर्न देखने को मिल सकते हैं। जैसे कैट का एग्जाम पास होने के बाद सचिव जी फुलेरा गांव और अपना पंचायत ऑफिस छोड़कर चले जाएंगे, या प्यार की खातिर वहीं रहेंगे, ये देखना दिलचस्प होगा। पत्नी मंजू देवी की हार से प्रधान जी थोड़े खफा जरूर हैं, लेकिन इस बात की पूरी उम्मीद है कि वह एक बार फिर से इस पॉलिटिक्स में बाजी मार लेंगे। अभिषेक कैसे प्रधान जी और मंजू देवी को बताएंगे कि वह रिंकी से प्यार करते हैं। इस बार उप प्रधान प्रहलाद चा सीरीज में कम थे, ऐसे में ऑडियंस को ये उम्मीद है कि उनका रोल थोड़ा और बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा खुशबू और विकास की लव स्टोरी पर भी फोकस होगा। फैंस इस बात की उम्मीद लगा रहे हैं कि पंचायत सीजन 5 में राजनीति पर नहीं, बल्कि फुलेरा गांव के लोगों की जिंदगी पर फोकस किया जाएगा, जोकि सीरीज की यूएसपी है।