पटना- पटना गांधी मैदान के मंच पर पहुंचे कन्हैया कुमार, सभी को किया सैल्यूट

राजधानी पटना के एेतिहासिक गांधी मैदान में  वामदल  नेता और जेएनयू (JNU) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) की संविधान बचाओ नागरिकता बचाओ महारैली शुरू हो गई है। महारैली के लिए आयोजित मंच पर तुषार गांधी, मेधा पाटकर, आइशी घोष ( जेएनयू छात्र संघ) , अलका लांबा, कन्नन गोपीनाथन पहुंच गए हैं।

मंच पर पहुंचे कन्हैया कुमार, किया सैल्यूट

महारैली की मंच पर जैसे ही कन्हैया कुमार पहुंचे, भीड़ ने उनका स्वागत किया। कन्हैया भी मंच पर पहुंचते ही लोगों को प्रणाम किया और सैल्यूट किया।

फिल्मी हस्तियों सहित राजनीतिक दिग्गज हैं मौजूद

बता दें कि कन्हैया की इस महारैली से एक तरफ राजद ने जहां दूरी बना रखी है, वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतनराम मांझी महारैली में शामिल होंगे। सबसे खास बात है कि कन्हैया की इस महारैली में सामाजिक-राजनीतिक जगत की हस्तियों के अलावा बॉलीवुड के कई कलाकार भी शामिल हो रहे हैं।

हम, रालोसपा नेता ने किया रैली को संबोधित, राजद ने बनाई दूरी

महारैली की शुरुआत आदिवासी नृत्य से हुई। उसके बाद इप्टा के कलाकारों ने जनगीत प्रस्तुत किया। जनगीत के बाद अररिया विधायक अबीदुर रहमान रैली को संबोधित कर रहे हैं। उसके बाद हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और फिर रालोसपा नेता जितेंद्र नाथ ने संबोधित किया। रालोसपा नेता ने कहा कि गिरिराज सिंह भारत में पाकिस्तान के राजदूत हैं।

माकपा नेता ने नीतीश कुमार पर कसा तंज

महारैली को संबोधित करते हुए माकपा नेता अवधेश कुमार ने कहा कि लड़ाई वैचारिक. देश में गोडसे की विचारधारा नहीं चलने देंगे। शाहीन बाग की महिलाएं आदर्श है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के मुख्यमंत्री ने केरल में सबसे पहले सीएए के खिलाफ प्रस्ताव विधानसभा में पारित किया। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि करना ही है तो पूरे मन से प्रस्ताव पारित करें।

माकपा नेता ने कहा कि हमसे हमारी नागरिकता का प्रमाण कोई नहीं मांग सकता? नहीं देंगे हम एनपीआर के सवालों का जवाब? अब खत्म करो डिटेंसन केंद्र।

पटना के एेतिहासिक गांधी मैदान में होने वाली कन्हैया कुमार की इस महारैली को लेकर अहले सुबह से काफी संख्या में लोग गांधी मैदान की ओर कूच कर रहे हैं। बता दें कि कन्हैया कुमार ने 30 जनवरी को अपनी जन-गण-मन यात्रा की शुरुआत चंपारण जिले से की थी जिसका समापन आज की इस महारैली में हो रहा है। इस रैली में कांग्रेस के भी शामिल होने की खबर है क्योंकि कन्हैया के प्रचार के दौरान उनके साथ कांग्रेस के विधायक शकील अहमद खान भी साथ रहे थे।

कन्हैया की महारैली के आयोजकों के मुताबिक इसमें जेएनयू छात्रसंघ की अध्यक्ष आइसी घोष, बॉलीवुड की अदाकारा स्वरा भास्कर, प्रकाश राज, सुशांत सिंह के अलावा डायरेक्टर अनुभव सिन्हा भी शामिल होंगे।इसके अलावा कांग्रेस के विधायक शकील अहमद समेत चंद्रशेखर आजाद, योगेन्द्र यादव, अरुधंती राय, जिग्नेश मेवाणी के भी महारैली में आने की बात कही जा रही है।

इस महारैली को लेकर वामदल के नेता कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं और इस रैली को लेकर वामदल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपना शक्ति प्रदर्शन भी दिखाना चाहता है। वैसे कन्हैया की जन-गण-मन यात्रा में भी लोगों की काफी भीड़ जुटी थी। कई जगहों पर कन्हैया को विरोध प्रदर्शन का भी सामना करना पड़ा था। कहीं उन्हें काले झंडे दिखाए गए, कहीं उनके काफिले पर पथराव किया गया तो कहीं उनके मंच पर चप्पल उछाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *