डीकैथलॉन की 3 लाख से ज्यादा को रोजगार देने की तैयारी, कंपनी ने की ये बड़ी घोषणा - Post2Pillar

डीकैथलॉन की 3 लाख से ज्यादा को रोजगार देने की तैयारी, कंपनी ने की ये बड़ी घोषणा

वैश्विक स्तर पर अग्रणी मल्टी-स्पेशलिस्ट स्पोर्ट्स ब्रांड डीकैथलॉन ने 2030 तक भारत में 3 अरब डॉलर की लोकल सोर्सिंग का रणनीतिक लक्ष्य तय किया है। भारत में उत्पादन के 25 साल पूरे होने के मौके पर कंपनी ने यह घोषणा की । यह लक्ष्य घरेलू एवं वैश्विक बाजारों में आपूर्ति के लिए ‘मेक इन इंडिया’ विजन के प्रति कंपनी की गहरी प्रतिबद्धता और लोकल प्रोडक्शन (स्थानीय स्तर पर उत्पादन) पर कंपनी के फोकस को दर्शाता है।

अभी वैश्विक स्तर पर डीकैथलॉन की सोर्सिंग में भारत की हिस्सेदारी 8 प्रतिशत है, जिसे कंपनी ने 2030 तक 15 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। भारतीय उपभोक्ताओं एवं वैश्विक बाजारों की बदलती मांगों को पूरा करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई फुटवियर, फिटनेस इक्विपमेंट और टेक्निकल टेक्सटाइल्स जैसी ज्यादा संभावनाओं वाली श्रेणियों पर फोकस करते हुए विकास के इस लक्ष्य को प्राप्त करना संभव होगा।

भारत में उत्पादन के 25 साल पूरे किए

भारत में उत्पादन के 25 साल पूरे होने के मौके पर डीकैथलॉन इंडिया के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर शंकर चटर्जी ने कहा, ‘पिछले 25 वर्षों में भारत में उत्पादन ही यहां डीकैथलॉन की सफलता की रीढ़ रहा है। हमारे लोकल प्रोडक्शन इकोसिस्टम की उच्च गुणवत्ता, विश्वसनीयता और दृढ़ता ने रिटेल सेक्टर में हमें विस्तार करने में सक्षम बनाया और हम सिटी सेंटर से लेकर मॉल व अन्य जगहों तक पहुंच सके। आज हमारे पास भारत में तैयार उत्पादों का व्यापक पार्टफोलियो है, जिनसे भारत में स्पोर्ट्स यूजर्स की बदलती जरूरतों को पूरा करना संभव हुआ है। हम ऑफलाइन एवं कई प्लेटफॉर्म्स पर अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं और ऐसे में उत्पादन के मामले में उत्कृष्टता (प्रोडक्शन एक्सीलेंस) हमारी रणनीति के केंद्र में है। इससे पर्यावरण के अनुकूल कारोबार को ताकत मिल रही है और हर भारतीय के लिए खेलों तक पहुंच सुगम हो रही है।’

देश में 113 मैन्यूफैक्चरिंग साइट्स

घरेलू स्तर पर डीकैथलॉन की मैन्यूफैक्चरिंग मजबूत स्थिति में है। 2025 में भारत में 70 प्रतिशत से ज्यादा मेड इन इंडिया उत्पादों की बिक्री हुई। 2030 तक इसके 90 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे लोकल सोर्सिंग स्ट्रेटजी पर ब्रांड के फोकस को मजबूती मिलेगी। यह विकास डीकैथलॉन के मजबूत लोकल प्रोडक्शन इकोसिस्टम के दम पर संभव हुआ है। इसमें भारत में इनोवेशन एवं किफायती उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत डिजाइन सेंटर, 113 मैन्यूफैक्चरिंग साइट्स, 83 सप्लायर्स एवं 7 प्रोडक्शन ऑफिस शामिल हैं। कंपनी सांस्कृतिक रूप से समाज से गहराई तक जुड़े स्पोर्ट्स जैसे योग एवं क्रिकेट पर भी फोकस बढ़ा रही है। विकास की इस यात्रा के तहत कंपनी अपने प्रोडक्शन इकोसिस्टम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 3,00,000 से ज्यादा रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी काम कर रही है। इससे स्थानीय स्तर पर डीकैथलॉन का प्रभाव बढ़ेगा और भविष्य के अनुकूल सप्लाई चेन एवं कच्चे माल (कंपोनेंट एवं फिनिश्ड गुड्स) से जुड़ी प्रारंभिक आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ होगी।

अभी भारत के 55 शहरों में डीकैथलॉन के 132 स्टोर हैं। आगे कैटेगरी आधारित विकास एवं रिटेल को ध्यान में रखकर प्रोडक्शन पर मजबूत फोकस के साथ कंपनी की रणनीति क्षमता एवं योग्यता, दोनों बढ़ाने पर रहेगी। इसके तहत डीकैथलॉन का लक्ष्य 2030 तक अपने रिटेल फुटप्रिंट को 90 से ज्यादा शहरों तक विस्तार देने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *