कांग्रेस सांसद और कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें वैश्विक मंच पर भारत का एक प्राइम एसेट बताया है। थरूर ने पीएम की ऊर्जा, गतिशीलता और दूसरे देशों के साथ जुड़ने की उनकी इच्छा को लेकर और अधिक समर्थन दिए जाने की अपील की है। शशि थरूर ने अंग्रेजी दैनिक ‘द हिंदू’ के एक लेख में यह बात कही है। बता दें कि हाल ही में शशि थरूर ने भारतीय सांसदों के डेलिगेशन के साथ अमेरिका सहित कई देशों का दौरा भी किया। यहां उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत के पक्ष को दुनिया के सामने रखा। थरूर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस लगातार मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़े कर रही है।
कांग्रेस की बढ़ेगी टेंशन
थरूर द्वारा बार-बार पीएम मोदी की तारीफ करना कांग्रेस के लिए टेंशन बढ़ाने वाला है। इससे पहले भी कई बार थरूर पीएम मोदी के कामों की तारीफ कर चुके हैं। वहीं राहुल गांधी सरकार और पीएम की नीतियों का मुखर विरोधी रहे हैं। गौरतलब है कि शशि थरूर का प्रतिनिधिमंडल उन सात सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक था, जिन्हें 33 वैश्विक राजधानियों में भेजा गया था, ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान की आतंकवाद में संलिप्तता के बारे में अवगत कराया जा सके।
थरूर ने आगे कहा कि प्रतिनिधिमंडलों ने दुनिया को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की नपी-तुली सैन्य कार्रवाई को समझाया. साथ ही पाकिस्तान के आतंकवाद से घनिष्ठ संबंधों को भी बताया।
अपने पार्टी के निशाने पर थरूर
पहलगाम आतंकी हमले के बाद, नरेन्द्र मोदी सरकार के रुख का समर्थन करने के कारण शशि थरूर अपनी ही कुछ पार्टी सहयोगियों के निशाने पर है। तिरुवनंतपुरम से सांसद चुने जाने के बाद से ही उनकी और पार्टी के बीच मतभेद बढ़े हैं, दोनों के बीच पहले से ही कई मुद्दों पर असहमति है, जिसमें पीएम मोदी को लेकर लगातार तारीफ के शब्द भी शामिल हैं। पूर्व कांग्रेस सांसद उदित राज ने थरूर को भाजपा का ‘सुपर प्रवक्ता’ भी करार दिया था, जब सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के तहत विदेश दौरे पर गये शशि थरूर ने कथित तौर पर कहा था कि भारत ने पहली बार 2015 में कार्रवाई के लिए नियंत्रण रेखा पार की थी।







