नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में वर्ल्ड-क्लास पावर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आज टाटा पावर-डीडीएल के साथ मिलकर नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली में शालीमार बाग खोसला ग्रिड से नेताजी सुभाष प्लेस सर्किट के बीच अंडरग्राउंड केबल नेटवर्क का उद्घाटन किया। साथ ही, एक हॉटलाइन मेंटीनेंस व्हीकल को भी झंडी दिखाकर रवाना किया जिसके चलते रखरखाव टीमों को बिना बिजली बंद किए ही रखरखाव कार्य करने की सुविधा मिलेगी। देश में यह अपनी तरह की अनूठी पहल है।
इस मौके पर, आशीष सूद, माननीय गृह, विद्युत, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के अलावा अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारीगण, राज कुमार रस्तोगी प्रमुख – संचालन एवं सुरक्षा, टाटा पावर-डीडीएल, सुरेन्द्र सिंह, प्रमुख – नेटवर्क सेवाएँ एवं स्टोर, टाटा पावर-डीडीएल और कंपनी के नेतृत्व भी उपस्थित थे।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ बिजली सप्लाई की विश्वसनीयता में भी सुधार करना था। परियोजना के तहत्, 40 वर्ष से अधिक पुरानी ओवरहेड तारों एवं खंभों को हटाकर उनके स्थान पर भूमिगत केबल नेटवर्क बिछाया जा रहा है। अब तक नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली में शालीमार बाग खोसला ग्रिड से नेताजी सुभाष प्लेस सर्किट के बीच 33 kV ट्विन (3C x 400 वर्ग मि.मी.) अंडरग्राउंड केबलों को सफलतापूर्वक डाला जा चुका था। ये सर्किट पब्लिक पार्कों, खेल के मैदानों, जे जे कालोनियों तथा रिहाइशी/कमर्शियल इलाकों से होकर गुजरते हैं, और इनकी वजह से सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। राजधानी दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री के सहयोग से इस कार्य को सुचारू रूप से किया गया।
राजधानी को वर्ल्ड-क्लास शहर बनाने की दिशा में किए जा रहे उपायों की कड़ी में 33 केवल ओवरहेड कंडक्टर के स्थान पर अंडरग्राउंड केबल सिस्टम बिछाया गया और इस प्रकार मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के स्थान पर मॉडल डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क को स्थापित किया गया। बिजली वितरण के इस मॉडल को दिल्ली के अन्य भागों में आवश्यकतानुसार दोहराया जा सकता है। इस नए भूमिगत इलेक्ट्रिकल नेटवर्क के चलते अब ओवरहेड तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी, मौसम में खराबी की वजह से बार-बार बिजली बाधित होने की परेशानी भी दूर होगी और साथ ही, राजधानी दिल्ली जैसे महानगर में तारों के जंजाल के न रहने से इसे अन्य वर्ल्ड-क्लास शहरों की तर्ज पर आकर्षक बनाया जा सकेगा।
टाटा पावर-डीडीएल ने एक और उल्लेखनीय प्रयास के तहत् हॉटलाइन मेंटीनेंस व्हीकल भी तैनात किया गया है। देश में अपनी तरह की इस अनूठी पहल के चलते बिजली आपूर्ति में व्यवधान को कम करने में मदद मिलेगी और परिचालन के स्तर पर कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलेगा। इस विशेष इंसुलेटेड वाहन की मदद से मेंटीनेंस टीमों को बिजली सप्लाई बाधित किए बगैर ही लाइव-लाइन पर काम करने की सुविधा मिलती है। वाहन में इंसुलेटेड एरियल बूम (क्रेन) लगी है जिसकी मदद से ओवरहेड बिजली की तारों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है और साथ ही, बिजली तारों से सुरक्षित दूरी भी बनाकर रखी जा सकती है। इसका नॉन-कंडक्टिव वर्क प्लेटफार्म फाइबरग्लास बकेट रखरखाव टीमों को लाइव-लाइन ऑपरेशंस के दौरान तकनीशियनों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। इसी तरह, इसके हाइड्रोलिक कंट्रोल की मदद से बूम को सुचारू तरीके से सटीक स्थान पर लगाना आसान होता है, और इसका ऑनबोर्ड टूल स्टोरेज इंसुलेटेड टूल्स तथा पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) से सुसज्जित होता है।
इस एडवांस हॉटलाइन मेंटीनेंस व्हीकल को इस प्रकार सुसज्जित किया गया है कि इसे इंसुलेटर्स और कंडक्टर्स को बदलने, जंपर कनेक्शनों तथा कनेक्टरों की मरम्मत, और बिजली की तारों के आसपास पेड़ों की छंटाई जैसे खतरानाक और नाजुक कार्यों को सुरक्षित तरीके से किया जा सकता है और ऐसा करते हुए बिजली सप्लाई को भी रोकने की आवश्यकता नहीं होती। इस प्रकार, बिजली सप्लाई को बाधित किए बगैर ही रखरखाव कार्यों को करने में मदद मिलती है और उपभोक्ताओं को भी निर्बाध बिजली मिलती है। साथ ही, रखरखाव टीम की सुरक्षा, सिस्टम की विश्वसनीयता और कुल-मिलाकर उपभोक्ताओं की संतुष्टि में भी बढ़ोतरी होती है।







