नहीं रहे पद्मश्री अभिनेता इरफान ख़ान, वो लड़े, लड़े और लड़े, लेकिन हार गए जिंदगी की जंग

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का 54 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने और चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता के बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में ICU में उन्हें भर्ती किया गया था।

अभिनेता इरफान के प्रवक्ता ने उनके भर्ती होने की जानकारी देते हुए कहा था कि “हां यह सच है कि इरफान खान को कोलोन संक्रमण(Colon Infection) के कारण मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम सभी को अपडेट रखेंगे।

अभिनेता को 2018 में एक न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर का पता चला था और सोशल मीडिया के माध्यम से इरफान ने इस बीमारी के बारे में अपने प्रशंसकों को बताया था। उन्होंने अपनी स्वास्थ्य स्थिति को सभी के साथ साझा करते हुए खुलासा किया कि उन्हें एक उचित उपचार की आवश्यकता होगी जिसके लिए वह लंदन गए थे।

विदेश में 1 साल से अधिक समय बिताने के बाद, वह पिछले साल मुंबई लौटे और यहां तक ​​कि अपनी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ की शूटिंग भी की, जो इस साल रिलीज़ हुई थी। उन्होंने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया था।

अंग्रेज़ी मीडियम दर्शकों को बेहद पसंद आई। अपने अंतिम क्षणों में भी वो एक योद्धा की तरह लड़े और जाते-जाते अपने प्रशंसकों और बॉलीवुड को एक बेहतरीन फिल्म दे गए। हालांकि, इरफान अपनी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का प्रचार नहीं कर सके क्योंकि उन्हें अपने इलाज के लिए फिर से विदेश जाना पड़ा।

बता दें कि बीते 25 अप्रैल को  इरफान खान की मां सईदा बेगम ने जयपुर में अंतिम सांस ली। वह 95 वर्ष की थीं। देश में देशव्यापी तालाबंदी के कारण वह कथित तौर पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। इरफान खान ने अपने जीवन में कई उपलब्धियां हासिल कीं। 30 साल के अपने करियर में इरफान खान ने करीब 50 फिल्में कीं।

वर्ष 2011 में इरफान ख़ान को कला जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड और फिल्मफेयर अवॉर्ड्स भी मिले।

उन्होंने कई अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया, जिनमें साल 2001 में आई फिल्म द वॉरियर, 2006 में आई द नेमसेक, 2007 में आई द डार्जीलिंग लिमिटेड, 2008 में आई स्लमडॉग मिलेनियर, न्युयॉर्क-आई लव यु (2009), द अमेज़िंग स्पाइडर-मैनद लाईफ ऑफ पाई (2012), जुरैसिक वर्ल्ड (2015) और द इन्फर्नो (2016) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *