गोपालगंज में रविवार को हुए ट्रिपल मर्डर मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जदयू विधायक अमरेंद्र उर्फ पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। तेजस्वी ने अल्टीमेटम दिया था कि अगर 24 घंटे के अंदर पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे गोपालगंज जाकर धरने पर बैठेंगे। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को पार्टी के सभी विधायकों और विधान पार्षदों को फोन कर पटना बुलाया गया है। विधायकों के साथ शुक्रवार को तेजस्वी गोपालगंज रवाना होंगे और पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन करेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है कि एक साथ सभी नेता नहीं निकलेंगे। बारी-बारी से थोड़ी देर के बाद नेताओं के गोपालगंज जाने का सिलसिला शुरू होगा। वहां पहुंचकर सभी लोग धरने में शामिल होंगे। सभी विधायकों और विधान पार्षदों के साथ रणनीति बनाने के लिए उन्हें पटना बुलाया गया है। इसके अलावा पार्टी के कई बड़े नेता भी गोपालगंज जा सकते हैं।
ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी हैं पप्पू पांडेय
राजद नेता जेपी यादव के परिवार की हत्या मामले में कुचायकोट से जदयू विधायक पप्पू पांडेय को भी आरोपी बनाया गया है। इस मामले में विधायक के बड़े भाई सतीश पांडेय और जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश पांडेय को गिरफ्तार किया गया है लेकिन, अब तक पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसको लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। विपक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने विधायक को बचा रहे हैं। सत्ता पक्ष का कहना है कि नीतीश न तो किसी को बचाते हैं और न ही किसी को फंसाते हैं। कानून अपना काम कर रहा है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदमाशों ने राजद नेता के परिवार को मारी थी गोली
बता दें कि रविवार को हथुआ थाना क्षेत्र के रुपनचक गांव में घर पर बैठे राजद नेता के परिवार को अपराधियों ने गोलियों से भून दिया गया था। दो बाइक से आए बदमाशों ने राजद नेता जेपी यादव, उनके पिता महेश चौधरी, मां संकेतिया देवी और भाई शांतनु यादव को गोली मारी थी। इस घटना में महेश और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। शांतनु की इलाज के दौरान मौत हो गई। जेपी का इलाज चल रहा है। तेजस्वी ने दो दिन पहले पीएमसीएच जाकर जेपी से मुलाकात भी की थी।






