Jyoti Malhotra News: यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। अब ज्योति मल्होत्रा को लेकर जो नया खुलासा हुआ है, उसमें उनका नाम चीन से भी जुड़ गया है। खबर यह है कि ज्योति मल्होत्रा चीन की भी यात्रा कर चुकी थी। इतना ही नहीं, वह आतंकी हमले से पहले पहलगाम भी गई थी। अब जांच एजेंसी तमाम पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। आपको बता दें कि ज्योति मल्होत्रा ने अपने करियर की शुरुआत रिसेप्शनिस्ट और टीचर के रूप में की थी। बाद में वे ट्रैवल ब्लॉगिंग की दुनिया में आईं और यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाखों फॉलोअर्स के साथ एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन गईं।
देश के खिलाफ जासूसी के आरोप
पुलिस के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा पर आरोप है कि उन्होंने व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स का उपयोग करके भारत की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेजी। उन्होंने ‘जट्ट रंधावा’ जैसे नामों से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्कों को अपने फोन में सेव किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि वे पाकिस्तान और चीन की यात्राएं कर चुकी हैं, और इन यात्राओं के दौरान उन्होंने पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से मुलाकात की थी।
ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ ऑफिसियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 की धाराएं 3, 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, और उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, बैंक खातों और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
पाक उच्चायोग के कर्मचारी से बढ़ाई थी नजदीकी
आपको बता दें कि हरियाणा के हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भारत की जानकारी देने का आरोप है। जानकारी के अनुसार जांच में सामने आया है कि ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान यात्रा के दौरान पाक उच्चायोग के कर्मचारी से नजदीकी बढ़ाई और सोशल मीडिया के जरिए भारत विरोधी नैरेटिव को बढ़ावा दिया था। ज्योति मल्होत्रा ‘ट्रैवल विद जो’ नामक यूट्यूब चैनल चलाती है और पाकिस्तान यात्रा के दौरान वहां की खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट्स से उसके संबंध बने थे। ज्योति मल्होत्रा के यूट्यूब चैनल पर 3.79 लाख से ज़्यादा सब्सक्राइबर हैं और इंस्टा पर उनके 1.40 लाख फ़ॉलोअर्स हैं। वहीं फेसबुक पर उनके 3.22 लाख फ़ॉलोअर्स हैं।
पिता हरिस मल्होत्रा ने किया बचाव
पिता हरिस मल्होत्रा ने अपनी बेटी का बचाव करते हुए कहा है कि ज्योति पाकिस्तान अपने यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो शूट करने गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि उनकी बेटी के पाकिस्तान में दोस्त है, तो क्या वह उससे बात नहीं कर सकती।
