बेतिया. पहले हैदराबाद, उन्नाव, फिर मुजफ्फरपुर और अब बेतिया। महिलाओं से दुष्कर्म और उन्हें जिंदा जलाने की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। मंगलवार सुबह शिकारपुर इलाके के एक गांव में दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़ित के घर में घुसकर उसे केराेसिन डालकर आग लगा दी। पटना ले जाते समय रास्ते में पीड़ित की मौत हो गई। आग से पीड़ित 70% झुलस चुकी थी।
पीड़ित के भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि डेढ़ माह पहले आरोपी अरमान (20) पुत्र बसीर मियां ने दुष्कर्म किया। आरोपी के धमकाने से शिकायत नहीं की गई। इससे आरोपी और निडर हो गया। पीड़ित को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करता रहा। तीन-चार दिन पहले पीड़ित को गर्भवती होने का पता चला। रविवार को परिजन आरोपी के घर गए और शादी का दबाव बनाया। लेकिन, सभी ने सिरे से इंकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि पड़ोसी के घर में छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
अलाव ताप रहे थे परिजन, बाहर के कमरे में सोई थी पीड़िता
परिजन ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे घर की महिलाएं आंगन में खाना बना रही थी। पुरुष अलाव ताप रहे थे। पीड़ित बाहर के कमरे में सोई हुई थी। इसी बीच आरोपी कमरे में घुसा और केरोसिन का गैलन उठाकर पीड़ित के
शरीर पर छिड़क कर आग लगा दी। पीड़ित के चीखने की आवाजें सुनकर परिजन ने बाहर के दरवाजे की ओर देखा तो आरोपी भाग रहा था।
गिरफ्तारी से पहले पुलिस को बरगलाया
पुलिस जब आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची तो उसके परिजन काफी देर तक बरगलाते रहे। परिजन ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी अरमान विगत पांच दिनों से मुजफ्फरपुर में है। वह वहीं रहकर पढ़ाई करता है। हालांकि, पुलिस ने आसपास तलाश की तो आरोपी अरमान पड़ोसी के घर में दुबका बैठा था।
पुलिस बोली– कमरा धोया हुआ मिला, परिजन ने कहा– बदबू आ रही थी
पुलिस ने बताया कि मौके पर पीड़ित का कमरा धोया हुआ मिला। पुलिस ने जब पूछताछ की तो घर का कोई सदस्य स्पष्ट उत्तर देने से कतराता रहा। पुलिस के पूछने पर परिजन ने कहा कि बदबू अधिक आ रही थी इसीलिए किसी ने कमरे को धो दिया है। पुलिस ने केरोसिन तेल का गैलन, पीड़ित का जला ताबीज, जले कंबल आदि को बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक निताशा गुड़िया ने कहा- मामला गंभीर है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुजफ्फरपुर: दबंगों के डर से जलाई गई युवती को पटना ले गए परिजन
दुष्कर्म का विरोध करने पर जिंदा जलाई गई अहियापुर की युवती काे परिजन ने धमकी मिलने के बाद मंगलवार काे एसकेएमसीएच से पटना रेफर करवा लिया। रात में आराेपी राजा राय के पांच साथियाें के पहुंचने के बाद परिवार दहशत में आ गया। इसके बाद तीन गार्ड की सुरक्षा में 85% तक जली युवती काे पटना भेजा गया। वहां अपाेलाे बर्न हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया। युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।
