भारत- 4 फीसदी बढ़ा केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 48 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशन धारकों को फायदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में संसद में हुई कैबिनेट की बैठक में केन्द्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 4 फीसदी की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इस बढ़ोतरी के बाद डीए 21 प्रतिशत हो गया है। इसका फायदा देश के करीब 48 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनरों को होगा।

कितना होगा फायदा
केन्द्रीय कर्मचारियों के डीए में 4 फीसदी की बढ़ोतरी का मतलब है कि हर महीने की सैलरी में 720 रुपए से 10,000 रुपए प्रति माह की बढ़ोतरी होगी। केंद्र सरकार ने पहले कहा था कि महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) 1 जनवरी 2020 से केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए देय था। देय डीए/डीआर का भुगतान इस महीने किया जाएगा क्योंकि यह सामान्य रूप से किया जाता है।

इससे पहले 2019 में 5 फीसदी बढ़ा था डीए
इससे पहले 10 अक्टूबर 2019 को भी केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 5 फीसदी बढ़ा था। इसके बाद महंगाई भत्ता 12 से बढ़कर 17 फीसदी हो गया था। महंगाई भत्ता और महंगाई राहत हर साल क्रमश: एक जनवरी और एक जुलाई से दिया जाता है और इसका भुगतान क्रमश: मार्च और सितंबर महीने से किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *