पटना, 17 अक्टूबर। बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान डोमिनोज के दो आउटलेट में करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन मिले, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 32,000 रुपये बताई गई है। वहीं, दोनों ब्रांड के प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है।
मैकडॉनल्ड्स में मिलीं स्वच्छता संबंधी कमियां
पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण में भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध थे। हालांकि, कचरे का डिब्बा खुला मिला और मुख्य दरवाजे पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था। इसके अलावा, सार्वजनिक मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी नहीं दी गई थी।
अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालक को कचरे का डिब्बा ढककर रखने, स्वच्छता संबंधी कमियां दूर करने और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान मस्टर्ड सॉस का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
डोमिनोज के दो आउटलेट में मिले 160 खराब पिज्जा स्क्रीन
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कदमकुआं स्थित एम्बिशन ओझा प्लाजा और कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित डोमिनोज आउटलेट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव से जुड़ी कमियां सामने आईं।
लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित आउटलेट में करीब 110 खराब पिज्जा स्क्रीन मिले, जबकि एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं स्थित आउटलेट में करीब 50 स्क्रीन पाए गए। कुल 160 स्क्रीन को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर नष्ट करा दिया गया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 32,000 रुपये बताई गई है।
निरीक्षण में ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की सफाई में भी कमियां मिलीं। डीप फ्रीजर के तापमान की निगरानी से संबंधित लॉग बुक और स्टोर में कच्चे माल का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर पानी जमा होने, ग्राहकों के उपयोग के लिए रखी सॉस की बोतलों की पर्याप्त सफाई नहीं होने और कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तारीख दर्ज नहीं होने जैसी समस्याएं भी सामने आईं।
वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थ अलग रखने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डोमिनोज के दोनों आउटलेट के संचालकों को वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने का निर्देश दिया। साथ ही ड्रेनेज सिस्टम में सुधार, मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने और डीप फ्रीजर के तापमान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रतिष्ठानों को कच्चे माल का रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार रखने तथा स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि के बाद अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
नियमों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस पर कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया है। इसके तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था जरूरी है। कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग रखना तथा निर्धारित तापमान पर खाद्य सामग्री का भंडारण करना भी आवश्यक है।
विभाग के अनुसार, आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित या रद्द करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।