महावीर मन्दिर न्यास का 331 करोड़ रुपये का बजट पारित, धार्मिक न्यास बोर्ड को 1.20 करोड़ शुल्क देगा

 

विराट रामायण मन्दिर के निर्माण के लिए 80 करोड़, जानकी जन्म स्थान मन्दिर के लिए 10 करोड़ का प्रावधान

नये वित्तीय वर्ष में महावीर मन्दिर के तीन नये अस्पताल खुलेंगे

पटना: ( Post2pillar) : वित्तीय  वर्ष 2023-24 के लिए महावीर मन्दिर न्यास का 331 करोड़ का बजट पारित हुआ है। न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में महावीर मन्दिर की आय 31 करोड़ रुपये आंकी गई है। अनुमानित खर्च मात्र 3 करोड़ है। इस प्रकार 28 करोड़ रुपये की बचत होगी। महावीर कैंसर संस्थान की आय 149.76 करोड़ और व्यय 151.16 करोड़ रुपये, महावीर आरोग्य संस्थान और महावीर नेत्रालय को मिलाकर आय 24 करोड़ और व्यय 22.98 करोड़ रुपये एवं महावीर वात्सल्य अस्पताल की आय 33.15 करोड़ और व्यय 33.33 करोड़ रुपये अनुमानित है। महावीर अस्पतालों के घाटे की भरपाई महावीर मन्दिर न्यास करेगा।

विराट रामायण मन्दिर के लिए सर्वाधिक धनराशि 

इस वित्तीय वर्ष के बजट में सबसे ज्यादा 80 करोड़ का प्रावधान पूर्वी चंपारण के केसरिया के निकट कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मन्दिर के लिए किया गया है। सीतामढ़ी के पुनौराधाम में जानकी जन्मस्थान मन्दिर निर्माण के लिए इस वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। कोईलवर के निकट सकरडी में पटना-आरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मन्दिर निर्माण पर 1 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।

3 नये अस्पतालों के लिए बजट में प्रावधान 

महावीर मन्दिर के तीन नये अस्पतालों के लिए बजट प्रावधान कर दिए गये हैं। पटना के राजीव नगर में वरिष्ठ नागरिकों के विशिष्ट अस्पताल के लिए एक करोड़ रूपये को राशि निर्धारित की गयी है। इस अस्पताल में 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का इलाज सीजीएचएस दर पर होगा। अयोध्या में शुरू हो रहे राघव आरोग्य मन्दिर(राम) अस्पताल के लिए भी एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस अस्पताल में वैरागी साधु-सन्यासियों का निःशुल्क इलाज होगा। जबकि गरीब मरीजों को भी रियायती दरों पर इलाज की सुविधा मिलेगी। पटना के फुलवारीशरीफ में बच्चों के निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल के लिए 8.80 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है। यह बच्चों के लिए देश का पहला विशिष्ट कैंसर अस्पताल होगा। महावीर मन्दिर द्वारा संचालित महावीर कैंसर संस्थान, महावीर आरोग्य संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल, महावीर नेत्रालय, विशालनाथ अस्पताल आदि में गरीब मरीजों के इलाज के बिल में छूट पर 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे। महावीर कैंसर संस्थान में 18 साल तक के कैंसर पीड़ितों के निःशुल्क इलाज पर 1 करोड़ रुपये और अन्य कैंसर मरीजों को एक यूनिट ब्लड निःशुल्क मुहैया कराने पर 50 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे। महावीर मन्दिर न्यास अपने अस्पतालों के विकास के लिए 2.80 करोड़ रुपये अनुदान देगा।

रामायण शोध संस्थान, संस्कृत विद्यालय और कन्या विद्यालय खुलेंगे

वर्तमान वित्तीय वर्ष में वैशाली जिला के इस्माइलपुर में पूर्व से प्रस्तावित रामायण विश्वविद्यालय की स्थापना पर 1 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त महावीर मन्दिर तीन महत्वपूर्ण शोध एवं शिक्षण संस्थान खोलेगा। वाल्मीकि रामायण, रामचरितमानस और आध्यात्म रामायण पर गहन शोध के लिए रामायण शोध संस्थान की स्थापना की जा रही है। इसके लिए 60 लाख रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है। इस वित्तीय वर्ष के अंतर्गत पटना में एक संस्कृत विद्यालय और वैशाली के इस्माइलपुर में कन्या विद्यालय खोले जाएंगे। इन विद्यालयों के साथ महावीर मन्दिर में संचालित रामावत संगत के लिए बजट में पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है।

पटना,अयोध्या और सीतामढ़ी में अन्नक्षेत्र के लिए 3.5 करोड़ रुपये 

पटना, अयोध्या और सीतामढ़ी में अन्नक्षेत्रों के लिए कुल 3.5 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान चालू वित्तीय वर्ष में किया गया है। इनमें महावीर मन्दिर में संचालित दरिद्र नारायण भोज, अयोध्या में रामलला के दर्शनार्थियों के लिए संचालित राम रसोई और माता जानकी जन्मस्थान पुनौराधाम में श्रद्धालुओं के लिए चल रही सीता रसोई शामिल हैं। महावीर मन्दिर के सभी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को निःशुल्क भोजन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 1.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गरीबों को अन्य प्रकार की सहायता मद में 50 लाख, दलित उत्थान एवं सहायता के लिए 20 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

धार्मिक न्यास बोर्ड को सर्वाधिक शुल्क राशि

महावीर मन्दिर बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड को 1.20 करोड़ रुपये शुल्क जमा करेगा। यह रकम बिहार के सभी मठ-मन्दिरों को मिलाकर धार्मिक न्यास बोर्ड को दिये जानेवाले शुल्क राशि से ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *