Patna – कोरोना को भी नहीं छोड़ा राजनीति के लिए कांग्रेस – राजीव रंजन भाजपा प्रवक्ता

Patnaभाजपा ने कांग्रेस पर सतही राजनीति करने का आरोप लगाया है। पार्टी प्रवक्ता व पूर्व विधायक राजीव रंजन ने कहा है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस हर दिन अपनी साख को और नीचे गिराती जा रही है। इनकी मानसिक अवस्था इतनी गड़बड़ हो चुकी है कि इन्होंने कोरोना जैसी महामारी को भी नहीं बख्शा और इस पर भी राजनीति शुरू कर दी है। इनके हिसाब से मोदी सरकार कोरोना के खिलाफ़ कुछ नहीं कर रही, जबकि हकीकत इसके साफ़ उलट है। आज कोरोना से लड़ाई में भारत द्वारा किये जा रहे प्रयासों की तारीफ़ पूरी दुनिया में हो रही है, यहां तक कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद सार्क देशों ने भी भारत के नेतृत्व में एकजुट होना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री खुद स्थिति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। मंत्रियों का एक समूह भी स्थिति की निगरानी कर रहा है।

रंजन ने कहा कि कोरोना को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भी रोजाना स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। सभी एयरपोर्ट्स और अंतर्राष्‍ट्रीय बंदरगाहों पर थर्मल इमेजरी उपकरण के जरिए स्‍क्रीनिंग की जा रही है। 4 मार्च तक 611176 यात्रियों की अलग-अलग जगह पर स्क्रीनिंग हो चुकी है। विदेशों से हजारों भारतीयों को सफलता पूर्वक रेस्क्यू किया जा रहा है। ‘क्‍या करें और क्‍या न करें’ के साथ देशभर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लेकिन हर बात में राजनीति निकाल लेने वाले कांग्रेस के युवराज इस अभियान में मदद की बजाए कोरोना वायरस को लेकर देशवासियों को डराने में जुटे हैं। पिछले दिनों उन्होंने कोरोना वायरस पर भारत की तुलना डूबते हुए टाइटैनिक जहाज से की थी। इससे साफ़ है कि कांग्रेस के युवराज या तो अखबार नहीं पढ़ते या उनके दरबारी उन तक इन खबरों को पहुंचने नहीं देते या फिर जानबूझ कर ऐसा करते हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों में इतनी भी समझ नहीं है कि आपदा का समय राजनीति करने के लिए नहीं होता, बल्कि इस समय सभी को एकजुट होकर उसका मुकाबला करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *