PM मोदी आज बिहार को देंगे 7217 करोड़ की सौगात, पढ़ें पूरी योजनाओं की लिस्ट - Post2Pillar

PM मोदी आज बिहार को देंगे 7217 करोड़ की सौगात, पढ़ें पूरी योजनाओं की लिस्ट

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार आ रहे हैं। वो बिहार के मोतिहारी से बिहारवासियों को 7217 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं। अगर आपके मन में यह सवाल है कि 7000 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट में क्या-क्या शामिल हैं तो हम आपके इस सवाल का जवाब दे रहे हैं।

बिहार को मिलने वाली सौगातें

मोदी बिहार में रेल, सड़क, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी से जुड़ी परियोजनाओं की लंबी सूची का लोकार्पण करेंगे। समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल लाइन पर स्वचालित सिग्नलिंग, दरभंगा-थलवाड़ा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन का उन्नयन और भटनी-छपरा ग्रामीण रेल खंड में कर्षण प्रणाली का आधुनिकीकरण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेन मेंटेनेंस डिपो का निर्माण भी शुरू होगा। प्रधानमंत्री दरभंगा से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार, दरभंगा से लखनऊ और मालदा टाउन से लखनऊ के बीच चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

सड़क क्षेत्र में, आरा बाईपास (NH-319) और परारिया-मोहनिया 4-लेन सड़क का उद्घाटन होगा। साथ ही सरवन से चकाई तक NH-333C पर नई 2-लेन सड़क भी बनेगी।

आईटी क्षेत्र में, प्रधानमंत्री दरभंगा में नए STPI और पटना में अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे। ये केंद्र IT स्टार्टअप, नवाचार और रोजगार को बढ़ावा देंगे।

मत्स्य पालन क्षेत्र को मजबूती देने के लिए पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत नई हैचरी, बायोफ्लॉक यूनिट्स और मछली चारा मिलों का उद्घाटन होगा।

इसके अलावा, पीएम लगभग 61,500 स्वयं सहायता समूहों (SHG) को 400 करोड़ रुपये और पीएम आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 12,000 लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे, साथ ही 160 करोड़ रुपये की राशि भी जारी करेंगे।

पश्चिम बंगाल का आज दौरा करेंगे पीएम

दुर्गापुर में पीएम मोदी BPCL की सिटी गैस वितरण परियोजना, दुर्गापुर-कोलकाता गैस पाइपलाइन, स्टील और थर्मल पावर स्टेशनों में प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, पुरुलिया-कोटशिला रेल लाइन का दोहरीकरण और पांडबेश्वर में नए ओवरब्रिज भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *