
पटना। राजधानी पटना के आशियाना फेज-1 (शिव मंदिर के समीप) स्थित उदयन आर्ट स्कूल का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संस्थान की निदेशिका अजिता झा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कथक, लोकनृत्य, सेमी-क्लासिकल, वेस्टर्न डांस, जुंबा और संगीत की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। विशेष रूप से लोकगीत एवं वेस्टर्न डांस की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।इस अवसर पर निदेशिका अजिता झा ने कहा कि वर्ष 2011 से उदयन आर्ट स्कूल बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। संस्थान में कथक, वेस्टर्न डांस, जुंबा, पेंटिंग, गिटार, म्यूजिक और कराटे सहित कई विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और कला कौशल को नई पहचान देते हैं।