
बिहार/केसरिया। स्थानीय जय प्रभा प्रोजेक्ट आर्य कन्या उच्च विद्यालय के सहायक शिक्षक हरिशंकर सिंह के स्थानांतरण पर उन्हे समारोह कर विदाई दी गई। कार्यक्रम में भूमिदाता सचिव व पूर्व मुखिया राजकुमार प्रसाद, सेवा निवृत्त प्राध्यापक भागीरथ राय मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर स्थानांतरित शिक्षक की लोगों ने सराहना की एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यपिका रूपम मिश्रा व शिक्षक सुबोध कुमार ने किया और मंच संचालन संगीत शिक्षक आनंद मोहन ने किया।
आयोजित विदाई समारोह का आयोजन स्वागत गान एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुखिया श्री प्रसाद ने कहा कि विदाई या जुदाई शब्द बड़ा ही मार्मिक होता है। लेकिन परंपरा हर किसी को निभानी पड़ती है। सरकारी सेवा में आने वालों की सेवानिवृत्ति एवं स्थानान्तरण अनिवार्य है। वहीं प्रधानाध्यापिका रुपम मिश्रा ने शिक्षक श्री सिंह द्वारा विद्यालय में किए गए योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि इन्होंने यहां जैसा किया आशा है कि इससे अच्छा अगले विद्यालय में करेंगे।
मधुर स्वभाव, सरलता और कर्मठता की चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों के साथ इसका लगाव प्रभावित करता था। हमेशा शिक्षकों व बच्चों से घुल-मिलकर शिक्षादान करते थे। वहीं भागीरथ राय ने कहा कि विदाई के वक्त समारोह आयोजित कर सम्मान उन्हें अच्छे कर्म के लिए दिया जाता है। आज उपस्थित लोग जो रो रहे हैं उनके कर्मों को याद कर रो रहे हैं।
सबने शिक्षक को उपहार भेंट कर स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की।इस अवसर पर शिक्षक कमलेन्द्र प्रसाद, चंदन कुमार पाण्डेय, नसीरन खातून, निशीबाला श्रीवास्तव, पुष्पलता प्रसाद, अतुल कुमार पाण्डेय, राकेश कुमार, सेवा सदन के सचिव विनोद पटेल, अशोक कुमार, विश्वनाथ सिंह समेत कई लोग उपस्थित थे। वही चाँदनी, मधु, सरिता, अमृता, रितु समेत कई छात्राओं ने सास्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की।