विश्व मानवाधिकार दिवस पर जे. डी. वीमेंस कॉलेज में मानव श्रृंखला बनाकर दिया समानता और अधिकार का संदेश

Patna

पटना। विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर आज दिनांक 10 दिसंबर 2025 को जे. डी. वीमेंस कॉलेज के प्रांगण में इतिहास विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मानव श्रृंखला थी, जिसके माध्यम से छात्राओं ने समानता, स्वतंत्रता और अधिकार जैसे मूल मानवाधिकार मूल्यों का संदेश समाज तक पहुँचाया।
आयोजन की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीरा कुमारी, इतिहास विभाग की विभागाध्यक्षा प्रो. सुमिता सिंह एवं वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रो. कुमकुम कुमारी, डॉ. लक्ष्मी कुमारी, पल्लवी निशा और डॉ. कविता लखैयार द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर की गई। इनके साथ स्नातकोत्तर इतिहास प्रथम सत्र एवं स्नातक तृतीय सत्र की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने मिलकर कॉलेज परिसर में एक संगठित मानव श्रृंखला बनाते हुए मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग रहें
प्राचार्या डॉ. मीरा कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर नागरिक को अपने जन्मसिद्ध अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार सिर्फ कानूनी विषय नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा और समान अवसरों का प्रतीक हैं, जिनका संरक्षण हर समाज की जिम्मेदारी है।
इतिहास विभाग की विभागाध्यक्षा प्रो. सुमिता सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को बढ़ाते हैं। उन्होंने छात्राओं को इतिहास के दृष्टिकोण से मानवाधिकारों की विकास यात्रा समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने पोस्टर, स्लोगन और नारे के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मानवाधिकारों के सम्मान, लैंगिक समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया। पूरे आयोजन में छात्राओं का उत्साह और ऊर्जा देखने लायक थी, जिसने कार्यक्रम को सफल और सार्थक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *