Bihar Election: बिहार चुनाव का प्रचार पूरे जोर शोर से चल रहा है। इस बार महागबंधन और एनडीए में कांटे का मुकाबला है। बताते चलें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान 6 और 11 नवंबर को होना है। 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, सट्टा बाजार में भी भाव बदलने लगा है। राजस्थान का चर्चित फलोदी सट्टा बाजार में सटोरिए बिहार के राजनीतिक मुकाबले पर अपने हिसाब से भाव तय कर रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक,फलोदी सट्टा बाजार में फिलहाल एनडीए के दोबारा सत्ता में आने की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। सटोरियों के अनुसार एनडीए को इस बार 243 में से 128 से 134 सीटें मिल सकती हैं। विपक्षी महागठबंधन के लिए सटोरिए कमजोर प्रदर्शन का अनुमान लगा रहे हैं। मिलने वाली संभावित सीटें 93 से 99 के बीच बताई जा रही हैं। हालांकि, अभी वोटिंग में वक्त है। इसलिए भाव में बदलाव होने की पूरी संभावना है। वोट के दिन के रुझान के आधार पर भी भाव तय किए जाते हैं। इसलिए, अभी बड़ा बदलाव हो सकता है।
मुख्यमंत्री पद पर नीतीश सबसे मजबूत उम्मीदवार
सट्टा बाजार में मुख्यमंत्री पद पर सबसे मजबूत दावेदार के रूप में नीतीश कुमार का नाम चल रहा है। उनका भाव 40-45 पैसे के बीच है. सट्टा बाजार की भाषा में कम भाव का मतलब जीत की संभावना ज्यादा माना जाता है। तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर के भाव की ताजा जानकारी सामने नहीं आई है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी इसी बाजार ने भाजपा की जीत का अनुमान लगाया था, जो नतीजों में सही साबित हुआ। अब बिहार में यह अनुमान कितना सटीक बैठता है, इसका जवाब 14 नवंबर को ही मिल पाएगा।
कैसे तय होता है भाव?
सट्टा बाजार में किसी भी घटना की संभावना जितनी अधिक होती है, उसका भाव उतना कम रखा जाता है.
1 रुपये से कम भाव = जीत की संभावना अधिक
1 से 1.25 रुपये = सामान्य संभावना
2 रुपये या उससे अधिक = संभावना बहुत कम
