फिनटेक कंपनी स्लाइस ने भारत में बैंकिंग और क्रेडिट की दुनिया में एक बड़ा कदम उठाते हुए दो महत्वपूर्ण नवाचारों की घोषणा की है: स्लाइस UPI सुपर कार्ड और भारत की पहली UPI-पावर्ड भौतिक बैंक शाखा और एटीएम। इन पहलों का उद्देश्य भारत के करोड़ों लोगों के लिए क्रेडिट एक्सेस को सहज, समावेशी और डिजिटल रूप से सुलभ बनाना है।
स्लाइस UPI सुपर कार्ड एक क्रांतिकारी क्रेडिट कार्ड है जिसे कोई जॉइनिंग फीस या वार्षिक शुल्क नहीं है। इस कार्ड के जरिए ग्राहक सिर्फ क्यूआर कोड स्कैन कर या UPI के जरिए भुगतान कर अपनी क्रेडिट लाइन से सीधा लेन-देन कर सकते हैं — ठीक वैसे ही जैसे वो UPI से भुगतान करते हैं।
यह कार्ड हर खर्च पर 3% तक कैशबैक देता है और साथ ही इसमें “स्लाइस इन 3” फीचर भी है, जिससे ग्राहक किसी भी खर्च को तीन ब्याज-मुक्त किश्तों में तुरंत बाँट सकते हैं।
स्लाइस ने बेंगलुरु के कोरमंगला में भारत की पहली UPI-पावर्ड बैंक शाखा की शुरुआत भी की है। यह डिजिटल-फर्स्ट ब्रांच पारंपरिक बैंकिंग से एक कदम आगे है, जो ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सुविधा के साथ एक भरोसेमंद भौतिक अनुभव भी प्रदान करती है। यहां ग्राहक खाते खोल सकते हैं, बैंकिंग उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, और UPI-इंटीग्रेटेड एटीएम से नकद जमा और निकासी कर सकते हैं।
स्लाइस के एमडी और सीईओ सतीश कुमार कालरा ने कहा, “हम बैंकिंग को पहले सिद्धांत से फिर से परिभाषित कर रहे हैं। UPI के जरिए क्रेडिट एक्सेस देना ऋण और समावेशन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति है। हमारा लक्ष्य हर भारतीय को वित्तीय सेवा से जोड़ना है।”
NESFB के साथ हाल ही में हुए विलय के बाद, स्लाइस अब एक पूर्ण बैंकिंग संरचना के साथ कार्य कर रहा है, जिसमें उसका कोर बैंकिंग सिस्टम और अंडरराइटिंग मॉडल शामिल है — जिससे वह अन्य फिनटेक कंपनियों की तुलना में काफी आगे निकल गया है।
स्लाइस के फाउंडर राजन बजाज ने कहा, “भारत में 200 मिलियन से अधिक लोग अभी भी औपचारिक क्रेडिट से वंचित हैं। हमारा प्रयास है कि UPI के जरिए उन्हें आसान, सुरक्षित और प्रभावशाली क्रेडिट एक्सेस मिले।”
नई डिजिटल शाखा की प्रमुख विशेषताएं:
-
प्रत्येक ग्राहक के लिए सम्पूर्ण UPI एकीकरण
-
त्वरित और डिजिटल ऑनबोर्डिंग
-
सेल्फ-सर्विस बैंकिंग कियोस्क
-
नकद जमा और निकासी के लिए UPI एटीएम सेवाएं