बाहुबली अनंत सिंह के घोड़े ‘लाडला’ को मिली शिकस्त, ‘बख्तावर’ ने मारी बाजी, जानिए कौन है इसका मालिक?

Anant Singh Horse

Anant Singh News: मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह को इस बार हार का सामना राजनीतिक मैदान में नहीं, बल्कि घोड़ा रेस प्रतियोगिता में करना पड़ा। उनके घोड़े ‘लाडला’ को लखनऊ से आए घोड़े ‘बख्तावर’ ने पछाड़ दिया। मोकामा नगर में आयोजित छह दिवसीय घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता में बख्तावर ने पहला स्थान हासिल किया। भोजपुर जिले के ‘कल्लू’ ने दूसरा और खगड़िया जिले के ‘दिलखुश’ ने तीसरा स्थान पाया। अनंत सिंह का घोड़ा ‘लाडला’ आखिरी राउंड के तीसरे चक्र में पिछड़ गया।

इस प्रतियोगिता को लेकर नगर में उत्साह का माहौल था। भारी भीड़ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह पहली बार आयोजित की गई घोड़ा रेस लोगों के लिए रोमांच का केंद्र बनी रही।

कौन है बख्तावर का मालिक?

बख्तावर घोड़े के मालिक अनवर मियां हैं, जो उत्तर प्रदेश के लखनऊ से इस प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे थे। प्रतियोगिता में बख्तावर ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरा स्थान आरा के कृष्णा पांडेय के घोड़े दिलखुश को मिला, जबकि तीसरे स्थान पर खगड़िया से आए घोड़े कुल्लू ने कब्जा जमाया। विजेताओं को आकर्षक इनाम भी दिए गए—पहले स्थान पर रहे अनवर मियां को बुलेट बाइक, दूसरे स्थान पर रहे घोड़े के मालिक को हीरो बाइक, और तीसरे स्थान पर रहे प्रतियोगी को स्कूटी प्रदान की गई।

दर्शकों की ताली ने मनोबल बढ़ाया

दर्शकों की तालियों ने घुड़सवार का उत्साह बढ़ा दिया। प्रतियोगिता में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों से आए पचास प्रसिद्ध घोड़ों ने भाग लिया। मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के दो घोड़े—लाडला और करण—ने सात राउंड तक सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया। रोमांच से भरे इस प्रतियोगिता को देखने के लिए लोग दूर दूर से पहुंचे थे। घोड़े की रेस देखकर कई दर्शक बेहद उत्साहित दिखे। हालांकि मोकामा में हुई इस प्रतियोगिता में अनंत सिंह के घोड़े की आखिरी राउंड में मिली हार से लोग थोड़े निराश भी दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *