Mutual Fund Scheme: मुंबई। बड़ौदा बीएनपी परिबा एसेट मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (AMC) ने आज एक न्यू फंड ऑफर लॉन्च किया है, जिसका नाम है बड़ौदा बीएनपी परिबा इनकम प्लस आर्बिट्राज एक्टिव फंड ऑफ फंड (FoF)। यह एनएफओ खासतौर से उन कन्जर्वेटिव निवेशकों के लिए डिजाइन किया गया है जो सुरक्षित निवेश के जरिए अपना पैसा बढ़ाना चाहते हैं। साथ ही रेगुलर इनकम भी करना चाहते हैं। इसका फंड लक्ष्य यह है कि निवेशकों को पारंपरिक डेट इंस्ट्रूमेंट्स और डेट फंड के मुकाबले ज्यादा रिटर्न मिले और वह भी टैक्स कटने के बाद।
21 मई तक निवेश करने का मौका
यह न्यू फंड ऑफर 9 मई, 2025 को खुल गया है और 21 मई, 2025 को बंद होगा। इस योजना में 50 से 65% फंड बड़ौदा बीएनपी परिबा म्यूचुअल फंड की डेट-ओरिएंटेड योजनाओं की यूनिट्स में निवेश किया जाएगा। वहीं बड़ौदा बीएनपी परिबा म्यूचुअल फंड की आर्बिट्राज योजनाओं की यूनिट में 30 से 50% और मनी मार्केट विकल्पों में 0 से 5% तक निवेश किया जाएगा। इस तरह इसका लक्ष्य एक संतुलित और अलग-अलग तरह का पोर्टफोलियो बनाना है जो जोखिम को कम करने और मुनाफे की संभावना को बढ़ाने में मदद करे। यह योजना एक संतुलित और डाइवर्सिफाइड पोर्टफोलियो बनाने का लक्ष्य रखती है, जो जोखिम को कम करते हुए बेहतर रिटर्न का अवसर प्रदान करती है।
लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प
बड़ौदा बीएनपी परिबा एसेट मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सीआईओ – फिक्स्ड इनकम, प्रशांत पिंपले का कहना है कि जो निवेशक फिक्स्ड इनकम प्रोडक्ट या पारंपरिक डेट फंड से आगे देख रहे हैं, उनके लिए यह फंड टैक्स कटने के बाद बेहतर मुनाफा कमाने का मौका देता है। खासकर अगर निवेश 2 साल से ज्यादा समय के लिए हो। सिर्फ 12.5% के रियायती लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) के कारण, यह हाई टैक्स ब्रैकेट वाले लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए एक आकर्षक विकल्प है।
कम जोखिम लेने वाले निवेशकों के लिए अच्छा
इस फंड का प्रबंधन प्रशांत पिंपले और नीरज सक्सेना मिलकर करेंगे। दोनों को फिक्स्ड इनकम और हाइब्रिड फंड स्ट्रैटेजी को संभालने का 25 साल से ज्यादा और 21 साल से ज्यादा का अनुभव है। यह योजना उन निवेशकों के लिए बहुत बेहतर विकल्प है, जो कम जोखिम वाले म्यूचुअल फंड, टैक्स बचाने वाले इनकम के विकल्प और फिक्स्ड इनकम के दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं।
