BPSC छात्रों के समर्थन में गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पटना पुलिस ने गांधी मैदान में उस जगह को भी खाली करा लिया है। आपको बता दें कि आज सुबह 3-4 बजे के बीच में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्हें इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है। हालांकि, एम्स, पटना के बाहर उनके समर्थकों ने खूब हंगाम किया। सूत्रों के अनुसार प्रशांत किशोर ने किसी भी तरह की जांच और अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया है। वहीं डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की चिंता की बात से इनकार किया है।
अब कहां हैं प्रशांत किशोर?
पटना के डीएम चंद्रशेखर के मुताबिक, पीके को 10 बजे के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल, उन्हें कहां रखा गया है, यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। किसी को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं है। दूसरी ओर पीके की गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गया है। समर्थक सड़क पर उतर गए हैं। और हो हंगामा कर रहे हैं।
सीएम नीतीश से मिलना चाहते हैं पीके
पीके ने शुक्रवार को कहा था कि जब तक छात्रों की मांग पूरी नहीं हो जाती वह अपना अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने ये भी कहा था कि उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार को छात्रों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। प्रशांत किशोर ने बताया कि अगर मुख्यमंत्री उनसे मिलकर कोई समझौता करते हैं और छात्र उस समाधान से सहमत होते हैं तो वह अपना अनशन खत्म कर देंगे। बता दें, 13 दिसंबर 2024 को पटना के बापू भवन परीक्षा केंद्र पर 70वीं बीपीएससी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने की अफवाह फैलने के बाद परीक्षा को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। इसके चलते कई छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार किया। बीपीएससी ने बापू भवन में दोबारा परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया, लेकिन छात्रों ने पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग के साथ विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
