जिलाधिकारी ने की मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा, एक अप्रैल से सघन तौर पर ‘‘नॉक द डोर’’ (Knock the door) अभियान चलाने का दिया निदेश

पटना:- जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना श्री शीर्षत कपिल अशोक द्वारा आज लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में चलाए जा रहे स्वीप कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को 01 अप्रैल, 2024 से सघन तौर पर ‘‘नॉक द डोर’’ (Knock the door) अभियान चलाने का निदेश दिया। उप विकास आयुक्त, पटना-सह-वरीय नोडल पदाधिकारी, जिला स्वीप कोषांग श्री तनय सुल्तानिया को इस अभियान का अनुश्रवण करने का निदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय पदाधिकारीगण अगले दो महीना में जिला के हर एक मतदाता से कम से कम तीन बार सम्पर्क करेंगे तथा उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने निदेश दिया कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाएँ। हरएक वार्ड, पंचायत, प्रखंड एवं नगर निकायों में एक-एक मतदाता से मिलें, उन्हें मतदान हेतु व्यवस्थाओं के बारे में बताएँ तथा वोट डालने के लिए प्रेरित करें।जूम के माध्यम से आयोजित इस बैठक में उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीपीआरओ, डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना नगर निगम के सभी अचंलों के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीडीपीओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी एमओआईसी, प्रखंड स्वच्छता समन्वयक एवं अन्य उपस्थित थे। प्रखंड विकास पदाधिकारियों के कार्यालय से सभी पंचायत सचिव, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं अन्य भी जुड़े हुए थे।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला के हर एक घर को नॉक करें तथा मतदाताओं को मतदान करने के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पटना के शहरी क्षेत्रों- दीघा, बाँकीपुर एवं कुम्हरार- में विगत चुनाव में बहुत कम वोटिंग हुआ है। इस बार इन क्षेत्रों में टर्नआउट इम्प्लिमेंटेशन प्लान के अनुसार कम-से-कम 65 प्रतिशत वोटिंग होने के लिए सभी प्रयास करें। ताकि पटना जिला का मतदान प्रतिशत राष्ट्रीय औसत के अनुरूप हो। आपलोग नगर निगम के 75 वार्डों सहित सभी क्षेत्रों में हरएक घर का भ्रमण करें, सभी अपार्टमेंट तथा सोसाईटी में जाएं। हरएक मतदाता से मिलें तथा उन्हें मतदान करने के प्रति जागरूक करें। सभी लोगों से मिलकर उनसे परिचर्चा करें, बूथ का लोकेशन बताएं तथा मतदान की तिथि को वोट देने के लिए जागरूक करें। जिलाधिकारी ने कचड़ा सग्रहण वाहनों, वीएमडी, पीएएस, जिंगल, बैनर/पोस्टर तथा अन्य सभी माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाने का निदेश दिया।जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवा मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों, नगर कार्यपालक पदाधिकारियों तथा प्रखंड विकास पदाधिकारियों के स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित की जाए। इन नियंत्रण कक्षों से स्वीप अभियान का पर्यवेक्षण करें। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा नगर कार्यपालक पदाधिकारी स्वीप अभियान के पर्यवेक्षण के लिए पंचायतवार एवं वार्डवार टीम तैनात करें।जिलाधिकारी ने नगर निकाय, आईसीडीएस, जीविका, कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग सहित सभी स्टेकहोल्डर्स को समेकित रूप से अभियान चलाने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत वोटर से सम्पर्क करें तथा मतदान करने के लिए प्रेरित करें।जिलाधिकारी ने कहा कि हरएक बूथ से कम से कम आठ व्यक्तियों का नाम चयनित करें जो मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग प्रदान करेंगे एवं मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *