पटना( Post2pillar) :राजधानी पटना के एक निजी होटल में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगनाथ मिश्रा की पुण्यतिथि धूम- धाम से मनाई गई। बड़े बेटे मनीष मिश्रा की ओर से भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था। जिसमें जेडीयू के कद्दावर नेता अशोक चौधरी, बीजेपी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और कांग्रेस के कद्दावर नेता तारिक अनवर ने शिरकत की। एक साथ तीनों नेताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद मंच भी साझा किया। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक मनीष मिश्रा ने तीनों नेताओं से आग्रह किया कि यह गैर राजनीतिक मंच है, इसीलिए कृपया राजनीति से परे जागनाथ मिश्रा के साथ बिताए लम्हों, यादों को ही साझा करें। जिसके बाद माहौल बेहद ही हल्का हो गया। खुलकर तीनों नेताओं ने पुरानी यादों को तरोताजा कर दिया। भाषण के अंत में हंसते हुए बीजेपी के सम्राट चौधरी ने कहा कि अशोक चौधरी और सम्राट चौधरी में कुछ ज्यादा फर्क नहीं है। दोनों के नाम के पीछे चौधरी है। यही नहीं अशोक और सम्राट यानी दोनों के नाम को भी मिला दें तो “सम्राट अशोक” बन जाते हैं। खैर, श्रद्धांजलि सभा के बाहर निकलते ही सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शिक्षकों के मुद्दे पर खूब खरी खोटी सुना दी। बता दें कि इस श्रद्धांजलि सभा में छोटे बेटे नीतीश मिश्रा (पूर्व मंत्री) पैतृक गांव में कार्यक्रम आयोजित होने के कारण मौजूद नहीं थे, बाद बाकी सभी परिजन समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।