स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

(Post2pillar) : पटना नगर निगम के वार्ड नंबर 22 में 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाजसेवी राकेश कुमार द्वारा गोद लिए हुए बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं को केंद्रित करते हुए आमलोगों को अपनी प्रस्तुति के जरिए जागरूक किया। वहीं वार्ड नंबर 22 की पार्षद अनिता देवी ने वार्ड समेत पूरे देश वासियों को 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वार्ड के बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जो बच्चे अच्छा प्रदर्शन किए हैं, उन्हें सम्मानित भी किया जा रहा है। बता दें पटना नगर निगम के वार्ड नंबर 22 में पार्षद पति समाजसेवी इंजीनियर राकेश कुमार के द्वारा लगभग 500 बच्चों को गोद लिया गया है। इन बच्चों के पढ़ने लिखने से लेकर कॉपी किताब तक का खर्च राकेश कुमार ही उठाते हैं। बच्चों को बिल्कुल मुफ्त शिक्षा दी जाती है. यही नहीं अब वैशाली में इंजीनियर राकेश कुमार के द्वारा बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की तैयारी की जा रही है। जब इस बाबत में उनसे बातचीत हुई तो 77 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि ये सब लोगों के आशीर्वाद से संभव हो पा रहा है। जो भी हो रहा है, इसमें मेरे वार्ड के लोगों की अहम भूमिका है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधि रंजीत कुमार, शिक्षक, शिक्षिका समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *