पटना (Post2pillar):ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र के कर्मियों के द्वारा आज राजधानी पटना में बिहार सरकार के खिलाफ विधानसभा के गेट पर वेतनमान और स्थाई नौकरी के लिए मौन प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर पासवान ने बताया कि आगामी 2 अप्रैल को राज्य के सभी छोटे-बड़े पुलिस मित्र के संगठनों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी हो रही है। बिहार सरकार लगातार हम सवा लाख पुलिस मित्र के कर्मियों को स्थाई नौकरी और वेतनमान देने का आश्वासन दे रही है। लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला है। अभी भी सभी पुलिस मित्र के कर्मी टॉर्च-वर्दी पेटी पहनकर बिहार सरकार में मुफ्त सेवा दे रहे हैं। जो आर्थिक दौर में करना संभव नहीं है। आगामी दो अप्रैल को सभी संगठन राजधानी पटना में एकजुट होकर सरकार को अल्टीमेटम अपनी शक्ति का एहसास कराएंगे। अगर इससे भी सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं करती, तो पटना की सड़कों पर उतरकर इसबार ईंट से ईंट बजा देंगे। बता दें कि ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र के कर्मियों ने हाल ही में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी आवास का घेराव किया था। जिसके बाद तेजस्वी यादव ने पुलिस मित्रों से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया था कि सरकार इसपर विचार कर रही है। जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अब तक कोई नतीजा नहीं निकल पाया है, जिससे ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों में नाराजगी है। गौरतलब है बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक राजेश राम समेत 12 अन्य विधायकों ने पुलिस मित्र सह ग्राम रक्षा दल के कर्मियों का मुद्दा उठाया था और नौकरी समायोजन में पुलिस मित्रों को भी शामिल करने की मांग की थी।