नालंदा-
बिहार के नालंदा जिले में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से रुई गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने घरों से पानी लाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग तेजी से फैलते जा रही थी। देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र की है।
घटना के संबंध में आनंद रुई दुकान के मालिक सुबोध कुमार ने बताया सुबह साढ़े दस बजे किसी ने फोन पर सूचना दी कि गोदाम से धुआं निकल रहा है। मौके पर पहुंचा तो देखा कि गोदाम में भीषण आग लगी है और लोग आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया तब तक करीब पांच लाख का सामान जलकर राख हो चुका था।
बताया जा रहा है कि गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस बात की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमने गोदाम से धुआं उठते देखा और तभी फायर ब्रिगेड को फोन कर घटना की जानकारी दी। आग लगने की सूचना मिलते ही एसडीओ जे पी अग्रवाल, डीएसपी इमरान परवेज, लहेरी थानाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।